हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने गोली चला दी. गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे उन्हें चोट आई. घटना के बाद पुलिस और खुफिया विभाग में हड़कंप मच गया. पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सीपी नौटियाल हरिद्वार में IB के एसपी के पद पर तैनात हैं. बताया जा रहा है कि उनका चालक उनसे किसी बात को लेकर नाराज चल रहा था. इसी नाराजगी के चलते उसने कथित तौर पर एसपी पर फायरिंग कर दी. हालांकि, गोली लगने से अधिकारी की हालत गंभीर होने की शुरुआती खबरों के बीच पुलिस ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है.
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अधिकारी जिस गाड़ी में बैठे थे, उसी दौरान उनके अस्थायी चालक ने तमंचे से फायर कर दिया. इस घटना में अधिकारी को मामूली चोट आई है. उनका प्रारंभिक उपचार कराया जा चुका है और वह खतरे से बाहर हैं.
एसएसपी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. उसके कब्जे से एक सीएमपी और एक तमंचा बरामद किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने अपने ही अधिकारी पर गोली क्यों चलाई और इस वारदात के पीछे क्या वजह थी.
पुलिस का कहना है कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 307 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे जेल भेजा जाएगा. पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जाएगी.
Tags: