Himachal Pradesh,हिमाचल प्रदेश: नेहरू युवा केंद्र संगठन, हिमाचल प्रदेश ने शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने किया। नेहरू युवा केंद्र संगठन की राज्य निदेशक इरा प्रभात ने मुख्य अतिथि और गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का अवलोकन कराया और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से युवाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में केंद्र के प्रयासों की सराहना की और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा देखे गए विकसित भारत 2047 के विजन की भी सराहना की। पहले दिन विभिन्न जिलों से आए 32 प्रतिभागियों ने संविधान की 75 साल की यात्रा पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में प्रोफेसर संजय सिंधु (एचपीयू शिमला), आरती गुप्ता (पूर्व निदेशक, सूचना एवं प्रसारण) और केआर भारती (पूर्व आईएएस अधिकारी) सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।