Raipur. रायपुर। गोल्डन टावर, अमलीडीह, रायपुर के रहवासियों एवं संगीतकारों द्वारा महान पार्श्व गायक किशोर कुमार दा की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार, 23 अगस्त को क्लब हाउस में भावपूर्ण “सुर संध्या” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर दा के सदाबहार गीतों के माध्यम से उनकी अमर स्मृतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना था। गोल्डन टावर के रहवासियों एवं संगीत प्रेमियों ने इस संगीतमय शाम में किशोर कुमार दा के लोकप्रिय सोलो एवं डुएट गीतों का आनंद लिया। स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को सुरमयी बना दिया और उपस्थित रहवासी किशोर दा के सदाबहार गीतों के साथ झूमते और गुनगुनाते नजर आए।

कार्यक्रम में गोल्डन टावर के रहवासी एवं संगीतकार मनीष तलरेजा, सुब्रत चौधरी, देवबरत धीरदेव, सूर्या रेड्डी, स्वाति श्रीवास्तव, मास्टर आरोही धीरदेव, इतिश्री धीरदेव, नीलाक्षी रॉय एवं शितांशु दास ने अपनी शानदार संगीत प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन संजय वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि “किशोर दा के गीत आज भी हर उम्र के संगीत प्रेमी के दिल में बसे हुए हैं। उनकी आवाज, गायकी और गीतों की मिठास हमेशा लोगों को संगीत से जोड़ती रहेगी।” दादाजी इंफ्रा अष्टविनायक रियल्टीज के द्वारा कार्यक्रम के दौरान गोल्डन टावर के रहवासियों के लिए तीन विशेष लकी ड्रॉ और पुरस्कार स्वरूप गायकों को मोमेंटो भी वितरित किए गए। विजेताओं और गायकों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया। गोल्डन टावर की यह सुरमयी शाम किशोर दा की अमर आवाज, उनकी यादों और उनके सदाबहार गीतों को समर्पित एक यादगार श्रद्धांजलि बन गई।
Tags: