Muzaffarpur मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जलकर मौत हो गई। चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। आग लगने के समय परिवार सो रहा था और उसे बचाया नहीं जा सका।घटना मोतीपुर के वार्ड नंबर 13 में हुई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग लग गई। उस समय घर के अंदर सभी लोग सो रहे थे।
सोने के कारण किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय निवासियों ने आग की लपटें देखकर शोर मचाया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुँचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने झुलसे चार लोगों को बचाकर इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा। हादसे में ललन साह, उनकी माँ, पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।पश्चिमी डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया, "मोतीपुर में लगी भीषण आग में पाँच लोगों की मौत हो गई है। चार अन्य झुलस गए हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।"