विश्वकर्मा विसर्जन के बीच मातम, युवकों के ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत
हादसे में दो युवकों की मौत गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका
Sasaram. सासाराम। बिहार के रोहतास जिले में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे युवकों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमझोर थाना क्षेत्र के रमडीहरा गांव से प्रतिमा लेकर सोन नदी की ओर जा रहे ट्रैक्टर की राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर गिट्टी लदे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार को गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर लेकर विसर्जन के लिए सोन नदी की ओर निकले थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर सवार कई युवक सड़क पर जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौत हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया।
घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल, जमुहार स्थित मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है। हादसे की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने कथित तौर पर ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर ली गई है और उसमें गिट्टी लदी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। दो युवकों की मौत से रमडीहरा गांव में मातम पसरा हुआ है। विसर्जन के लिए निकले युवकों के साथ हुए हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।