देर रात मर्चेंट नेवी ऑफिसर पर फायरिंग, CCTV में कैद वारदात
दोस्त की मदद करने पहुंचे थे लौटते वक्त लगी गोली
Muzaffarpur. मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में मर्चेंट नेवी के जूनियर ऑफिसर अभिजीत कुमार उर्फ गोलू (30) को गोली मारने का मामला सामने आया है। वारदात सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे हुई। बाइक सवार युवकों ने अभिजीत को निशाना बनाया। गोली उनकी जांघ में लगी और आर-पार हो गई। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। अभिजीत भगवानपुर के श्रीराम नगर के रहने वाले हैं। गोली लगने के बाद उनके दोस्त तत्काल उन्हें एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर ले जाया गया। शुक्रवार सुबह हालत को देखते हुए अभिजीत को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के करीब 12 घंटे तक अभिजीत या उनके परिजनों की ओर से सदर पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई थी। सोशल मीडिया के जरिए घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल अभिजीत का बयान दर्ज किया। उनके बयान के आधार पर तीन युवकों को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। अभिजीत के दोस्त रंजीत ने पुलिस को बताया कि वारदात से कुछ समय पहले श्रीराम नगर गाछी में कुछ युवक कथित तौर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद उनके दोस्त आदित्य का युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने आदित्य के साथ मारपीट की।
इसके बाद आदित्य ने रंजीत को फोन कर मदद मांगी। रंजीत अपने दोस्त अभिजीत के साथ बुलेट से मौके पर पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हो गया और मारपीट की स्थिति बन गई। कुछ समय बाद मामला शांत होने पर रंजीत और अभिजीत आदित्य को साथ लेकर वहां से निकलने लगे। आरोप है कि इसी घटनाक्रम के बाद बाइक सवार युवकों ने अभिजीत को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनकी जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से निकल गए। सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस नामजद युवकों की भूमिका के साथ विवाद की असली वजह और गोलीबारी तक पहुंची परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपियों के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।