Yoga Tips: सुबह नींद से उठने के बाद कई लोगों को शरीर में अकड़न महसूस होती है। पैरों में खिंचाव, पीठ में जकड़न और कभी-कभी चलने में लंगड़ाहट भी हो जाती है। यह स्थिति अक्सर ब्लड सर्कुलेशन की कमी, मांसपेशियों की कमजोरी, जोड़ों की समस्या या बढ़ते वजन और उम्र की वजह से होती है। अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो आगे चलकर आर्थराइटिस, सर्वाइकल, कमर दर्द या घुटनों की समस्या का खतरा बढ़ जाता है।
सुबह की अकड़न शरीर की थकान और खराब लाइफस्टाइल का संकेत हो सकती है। नियमित योगासन, सही खानपान और पर्याप्त नींद से न केवल यह समस्या दूर होगी बल्कि शरीर ऊर्जावान और सक्रिय भी रहेगा। इस तरह की समस्या को कम करने के लिए सुबह उठते ही अचानक बिस्तर से न उठें, बल्कि पहले दो तीन मिनट आराम से बैठें। हल्की स्ट्रेचिंग करें और गहरी सांस लें। ज्यादा अकड़न या लगातार दर्द होने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
योग शरीर की अकड़न को दूर करने और जोड़ों की लचीलापन बनाए रखने का सबसे सुरक्षित और प्राकृतिक उपाय है। सुबह-सुबह शरीर को अकड़न को दूर करने और लंगड़ाने की स्थिति से बचने के लिए कुछ योगासनों का नियमित अभ्यास किया जा सकता है।
शरीर की अकड़न दूर करने वाले आसान योगासन:
ताड़ासन:
इसे Mountain Pose कहते हैं, जिसमें शरीर की स्थिति पहाड़ की तरह होती है। इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े होकर दोनों हाथ ऊपर उठाएं। एड़ियों को ऊपर उठाकर पंजों के बल खड़े हों। पूरे शरीर को ऊपर की ओर खींचें और गहरी सांस लें। यह आसन पूरे शरीर में स्ट्रेच देकर अकड़न कम करता है।
पवनमुक्तासन :
इस आसन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेट जाएं और घुटनों को मोड़कर सीने से लगाएं। दोनों हाथों से घुटनों को पकड़ें और गर्दन उठाकर ठोड़ी को घुटनों से लगाने की कोशिश करें। 30 सेकंड तक रुकें और सामान्य सांस लें। यह आसन कमर, पीठ और पैरों की अकड़न दूर करता है।
भुजंगासन:
भुजंगासन यानी Cobra Pose के अभ्यास में शरीर का पोज सर्प जैसा बनता है। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेटें और हथेलियां कंधों के पास टिकाएं। सांस भरते हुए सिर और सीने को ऊपर उठाएं। नाभि तक शरीर ऊपर उठाकर 15–20 सेकंड रुकें।इससे रीढ़ की हड्डी लचीली होती है और पीठ की जकड़न दूर होती है।
वज्रासन:
इस आसन को करने के लिए घुटनों को मोड़कर एड़ियों पर बैठें। रीढ़ सीधी रखें और हथेलियां जांघों पर रखें। दो से पांच मिनट तक इसी स्थिति में बैठें। यह आसन पैरों और घुटनों की नसों को आराम देता है।
पीठ के बल लेटकर शरीर को बिल्कुल ढीला छोड़ दें। आंखें बंद करें और सामान्य सांस लें। यह पूरे शरीर को रिलैक्स करके सुबह की अकड़न मिटाता है।