Yoga: तनाव और अवसाद से बाहर निकलने के लिए रोजाना करें ये योगासन, मानसिक स्वास्थ्य में होगा सुधार
Yoga: मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आपको रोज़ाना योग करना चाहिए। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना ही नहीं, बल्कि अपने मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना ज़रूरी है। इसलिए मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योग को अपने जीवन में शामिल करें। योग, प्राणायाम और ध्यान मानसिक शांति प्रदान करते हैं। इससे आप अपने नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण रख सकते हैं। जानिए मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए कौन से योगाभ्यास करने चाहिए|
तनाव और डिप्रेशन दूर भगाने के लिए योग:
प्राणायाम- नियमित रूप से प्राणायाम करने से मानसिक स्वास्थ्य में सुधार आता है। प्राणायाम करने से दिमाग को ज्यादा ऑक्सीजन मिलता है, जिससे मानसिक शांति महसूस होती है। स्ट्रेस को कम करने के लिए आप रोजाना अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और कपालभाति जैसे प्राणायाम जरूर करें। ये सभी प्राणायाम मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं और मन को शांत करते हैं।
मार्जरी आसन- इस योगाभ्यास को कैट-काउ पोज भी कहते हैं। मार्जरी आसन करते वक्त शरीर और मन एक दूसरे से जुड़ता है। इसे योगासन को करने से ब्लड फ्लो में सुधार आता है। इसे करने से तनाव दूर होता है। जो लोग रोजाना मार्जरी आसन करते हैं उन्हें मानसिक शांति मिलती है। ऐसे लोग किसी भी काम को मन लगाकर आसानी से कर पाते हैं।
अर्ध मत्स्येन्द्रासन- इस योगासान को हाफ स्पाइनल ट्विस्ट पोज भी कहते हैं। अर्ध मत्स्येन्द्रासन करने से रीढ़ की हड्डी मजबूत बनती है। साथ ही मेंटल हेल्थ में भी सुधार आता है। इस योग को करने से मानसिक तनाव कम होता है और नेगेटिव विचार भी दूर होते हैं। रोजाना अर्ध मत्स्येन्द्रासन करने से मानसिक शांति और मजबूती मिलती है।
शीर्षासन- ये योगाभ्यास थोड़ा मुश्किल जरूर होता है लेकिन दिमाग के लिए शीर्षासन को बेहतरीन माना जाता है। शीर्षासन करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहत होता है। शीर्षासन करने से शरीर और मन दोनों फिट रहते हैं। इससे दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन अच्छा होता है और एकाग्रता में सुधार आता है। रोजाना करने से ध्यान और स्मरण शक्ति बढ़ती है।
पश्चिमोत्तानासन- इस योग को करने से मानसिक तनाव और चिंता दूर होती है। इस योगासन में पैरों को आगे की ओर फैलाकर आपको सिर को झुकाना होता है जिससे पीछे के हिस्से में खिंचाव महसूस होता है। ये योगा मानसिक शांति प्रदान करता है। मेंटल हेल्थ में सुधार लाने के लिए इसे अच्छा माना जाता है।