न्यूज़ क्रेडिट: हिंदुस्तान
नई दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई को उनकी आगामी फिल्म 'काली' के पोस्टरों और वीडियो में कथित रूप से हिंदू देवता को गलत ढंग से दर्शाने के लिए निषेधाज्ञा की मांग करने वाली याचिका पर नया समन जारी किया है।
अदालत ने इससे पहले 6 अगस्त को फिल्म निर्माता को यह कहते हुए तलब किया था कि कोई भी आदेश पारित करने से पहले उसे सुना जाना चाहिए। हालांकि, न्यायाधीश के छुट्टी पर होने के कारण मामले को स्थगित कर दिया गया था।
यह देखते हुए कि प्रतिवादी मणिमेकलाई और कंपनी टूरिंग टॉकीज मीडिया वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड पेश नहीं हुए अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश अभिषेक कुमार ने ईमेल और वॉट्सऐप सहित सभी तरीकों से नए समन जारी करने का निर्देश दिया।
अदालत ने 29 अगस्त के आदेश में कहा कि आरोपियों को ईमेल के साथ-साथ वॉट्सऐप सहित सभी तरीकों से समन जारी किया जाए। अदालत ने मामले को प्रतिवादियों को समन तामील करने और याचिका पर बहस के लिए एक नवंबर की तारीख तय की है।
एडवोकेट राज गौरव द्वारा दायर याचिका में फिल्म निर्माता के खिलाफ एक स्थायी और अनिवार्य निषेधाज्ञा की मांग की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि फिल्म 'काली' के पोस्टर और प्रचार वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं को बहुत ही अनुचित तरीके से चित्रित किया है।