Keylong. केलांग। इस बार इलेक्ट्रिक बस में रोहतांग का दीदार 600 रुपए हो रहा है। वहीं, हर दिन इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड बढ़ रहीह ै। पर्यटक मनाली, गुलाबा, मढ़ी से रोहतांग ही नहीं बल्कि लाहुल के कोकसर, अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, साउथ पोर्टल, सोलंगनाला का दीदार करते हुए वापस मनाली पहुंच रहे हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने रोहतांग जाने वाली इलेक्ट्रिक बसों का 600 रुपए फिक्स किराया निर्धारित किया है। इलेक्ट्रिक बसों में टैक्सियों के मुकाबले पर्यटक सुहावना और सस्ता सफर कर सकते हैं। काफी देर तक रोहतांग में बसें रूक रही हैं। इस समय अवधि में पर्यटक रोहतांग में बर्फ में अठखेलियां कर रहे हैं। टूरिस्ट बढऩे से व्यापारियों-कारोबारियों को अच्छी कमाई की उम्मीद जागी है। पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बसों की बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन यानि दोनों सिस्टम से हुई।
बता दें कि रोहतांग दर्रा भेजी जा रही इलेक्ट्रिक बसों से एचआरटीसी प्रबंधन अच्छी कमाई कर रहा है। गुरुवार को 6 बसों से लगभग 90 हजार रुपए की कमाई की गई है। यह बसें सस्ते में रोहतांग की सैर करवा रही हैं। 25 सीटर इलेक्ट्रिक बसों में देश-दुनिया के पर्यटक रोहतांग का सफर कर रहे हैं और यहां की वादियों को निहार रहे हैं। बता दें कि गुरुवार को रोहतांग जाने वाली इलेक्ट्रिक बसों का आंकड़ा पिछले दिनों के मुकाबले ज्यादा रहा। पर्यटकों की डिमांड पर 6 के करीब इलेक्ट्रिक बसें पर्यटकों को लेकर रोहतांग गई। यह बसें 25 सीटर हैं। ऐसे में 6 बसों में 150 पर्यटकों ने रोहतांग की यात्रा की। अब इलेक्ट्रिक बसों में रोहतांग दर्रा जाने वाले पर्यटक बर्फीले रोहतांग के दीदार के साथ लाहुल के कोकसर, अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, साउथ पोर्टल, सोलंगनाला की वादियों को भी निहारेंगे। मनाली से रोहतांग, रोहतांग से वाया कोकसर, अटल टनल होते हुए मनाली तक 102 किलोमीटर सफर टूरिस्ट कर रहे हैं।