Hospice. धर्मशाला। कांगड़ा जिला परिषद को अपना नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिल गया है। सोमवार को धर्मशाला स्थित जिला परिषद सभागार में हुए चुनाव में भाजपा की सीमा देवी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और अभिमन्यु कंवर को उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। खास बात यह रही कि दोनों ही पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ, जिसके चलते पूरी चुनाव प्रक्रिया बिना किसी हंगामे के निर्विरोध रूप से संपन्न हो गई। जिला परिषद कांगड़ा में कुल 54 सदस्य हैं, जिनमें से चुनाव प्रक्रिया के दौरान 39 सदस्य सभागार में उपस्थित रहे। इन सदस्यों की मौजूदगी में वार्ड-8 (कल्याड़ा) से चुनकर आईं
जिला परिषद सदस्य
सीमा देवी को अध्यक्ष पद का ताज पहनाया गया। वहीं, वार्ड-53 (शेखुपुरा) के निर्वाचित सदस्य अभिमन्यु कंवर को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष घोषित किया गया। विपक्ष या किसी भी अन्य सदस्य की ओर से कोई दावेदारी पेश नहीं की गई, जिससे दोनों नेताओं के निर्वाचन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के तुरंत बाद, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा देवी और उपाध्यक्ष अभिमंयु कंवर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उपायुक्त ने नई टीम सहित सभी सदस्यों को उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और विकास कार्यों को गति देने की उम्मीद जताई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के अलावा जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर और विभिन्न विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Tags: