छात्रों के दर्द पर सडक़ों पर उतरे नागरिक

Update: 2026-07-21 11:21 GMT
हमीरपुर। गांधी चौक हमीरपुर में आम नागरिकों का एक शांतिपूर्ण आंदोलन बिना किसी राजनीतिक दल के जुड़ाव के यूनाइटेड इंडियंस के गैर राजनीतिक बैनर तले किया गया। यह विरोध प्रदर्शन छात्र समुदाय और नागरिक स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाले गंभीर राष्ट्रीय मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए पूरी तरह से स्वतंत्र रूप से आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में राष्ट्रीय परीक्षाओं में हुई विफलताओं के बड़े मानवीय नुकसान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सीधे तौर पर बार-बार होने वाले पेपर लीक के कारण पैदा हुए मानसिक तनाव और अनिश्चितता के चलते 20 से अधिक छात्रों द्वारा की गई आत्महत्याओं की दुखद वास्तविकता को सामने रखा।
पीडि़त परिवारों के साथ एकजुटता दिखाते हुए इस स्वतंत्र समूह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की और इस बात पर गहरी चिंता जताई कि इस गंभीर संकट के बाद भी मंत्रालय की तरफ से कोई जवाबदेही या सख्त कदम नहीं उठाया गया है। यूनाइटेड इंडियंस फोरम के संयोजक एडवोकेट सुरेश राठौर और यूनाइटेड इंडियंस फोरम की सह संयोजक सेजल ने कहा कि नागरिकों ने भूख हड़ताल पर बैठे शांतिपूर्ण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को गैर कानूनी तरीके से हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की है। यूनाइटेड इंडियंस फोरम का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध को दबाना संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला है।
Tags:    

Similar News