नई दिल्ली (आईएएनएस)| राजीव गांधी हत्याकांड के सभी 6 दोषी शुक्रवार को रिहा हो गए। इससे पहले सुबह सुप्रीम कोर्ट ने नलिनी और आरपी रविचंद्रन समेत सभी दोषियों की रिहाई का आदेश दिया था। इसको लेकर राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुवेर्दी ने कहा ये फैसले हमारे न्यायतंत्र के लिए गलत दिशा तय कर रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के हत्यारों की रिहाई पर सब तरफ से प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उद्धव ठाकरे खेमे की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुवेर्दी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया कि पहले दोषी बलात्कारी छोड़े गए और अब भारत के पूर्व प्रधानमंत्री के हत्या के दोषी हत्यारों को छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर कहना होगा कि ऐसे फैसले हमारे न्याय तंत्र के लिए गलत दिशा तय कर रहे हैं। यह अस्वीकार्य है!
गौरतलब है कि इन सभी को राजीव गांधी की हत्या के मामले में टाडा के तहत दोषी करार दिया गया था। नलिनी सहित कुल 26 को फांसी की सजा टाडा के स्पेशल कोर्ट ने 1998 में सुनाई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 19 दोषियों को बरी कर दिया था, जबकि चार की फांसी की सजा बरकरार रखी थी और उनमें नलिनी का भी नाम था। अन्य तीन को उम्रकैद की सजा दी गई थी। बाद में तमिलनाडु सरकार ने 2000 में नलिनी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। बाकी की सजा भी उम्रकैद में तब्दील हो गई।
Tags: