Shimla. शिमला। शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत शिमला पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो मामलों में 33 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस के अनुसार पुलिस थाना वेस्ट के तहत आने वाले शोघी क्षेत्र में स्पेशल सेल की टीम नशे की तस्करी रोकने के लिए नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक बस को जांच के लिए रोका। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों की जांच की। तलाशी लेने के दौरान संदीप नामक युवक के कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान संदीप पुत्र ओम प्रकाश, उम्र 21 वर्ष, निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। दूसरे मामले में पुलिस थाना संजौली की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को करीब छह ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अमित चौहान नामक व्यक्ति चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला वापस आ रहा है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में आरोपी की गाड़ी से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। जिला मंडी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनोटू पुलिस ने तरोट बस अड्डे के पास नाकाबंदी के दौरान सीटीयू बस से एक किलो 91 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस नूरपुर ने गुरुवार को 32 मील-लंज मार्ग पर नडोली के समीप वाहन चैकिंग के दौरान एक कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 4 किलो 72 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।