उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था, कारीगरों की विरासत और शिक्षा प्रणाली को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत कभी अपने हुनर और कौशल के कारण दुनिया में समृद्धि और आकर्षण का केंद्र था, लेकिन विदेशी आक्रांताओं और बाद में अंग्रेजों ने देश की इस ताकत को कमजोर करने का काम किया। प्रधानमंत्री ने कौशल आधारित शिक्षा के प्रति समाज की सोच बदलने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक समय भारत स्वर्णिम युग में था और पूरी दुनिया के लिए आकर्षण के साथ-साथ ईर्ष्या का भी केंद्र था। उन्होंने दावा किया कि जब विदेशी आक्रांता भारत आए तो उन्होंने सबसे पहले देश के हुनर और कारीगरों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि उस दौर में यदि कोई कारीगर बेहतरीन वस्तु तैयार करता था तो उसके अंगूठे काट दिए जाते थे, ताकि वह दोबारा वैसी उत्कृष्ट वस्तु न बना सके। प्रधानमंत्री ने कहा, "उन आक्रांताओं को पता था कि हुनर ही है, हाथों में जो कौशल है, वही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है। इसलिए उसकी शक्ति नष्ट करनी है तो अंगूठे काट दो।"
उन्होंने आगे कहा कि अंग्रेजों के भारत आने के बाद कौशल व्यवस्था को कमजोर करने का तरीका बदल गया। अंग्रेजों ने ऐसी शिक्षा प्रणाली लागू की, जिसमें भारत की पारंपरिक कौशल आधारित व्यवस्था धीरे-धीरे कागजी कामकाज और क्लर्क तैयार करने तक सीमित होती चली गई। प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने भारत के कौशल को कमजोर करके अपने देश के उद्योगों को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अंग्रेज भारत से संसाधन और वस्तुएं लेकर गए तथा समय के साथ देश में ऐसी मानसिकता विकसित हुई, जिसमें व्यावहारिक कौशल के मुकाबले कागजी कामकाज को अधिक सम्मान मिलने लगा।
प्रधानमंत्री ने समाज में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को लेकर मौजूद सोच पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज स्थिति ऐसी है कि यदि कोई बच्चा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यानी आईटीआई में दाखिला लेता है, तो कई माता-पिता अपने रिश्तेदारों को यह बात बताने से भी हिचकिचाते हैं। उन्होंने कहा कि कौशल और हुनर को कमतर समझने वाली मानसिकता बदलना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह देश में कौशल शिक्षा को लेकर बनी इस परिस्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मैंने ठान लिया है। मुझे इस परिस्थिति को बदलना है।" उनके संबोधन का मुख्य संदेश था कि भारत की समृद्धि में कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और हुनर को समाज में उचित सम्मान मिलना चाहिए।
Tags: