मेदिनीपुर के 'मुकुटहीन सम्राट' को किया याद, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को किया नमन
अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीरेंद्रनाथ शासमल को श्रद्धांजलि
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी वीरेंद्रनाथ शासमल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और त्याग को याद किया।
शुभेंदु अधिकारी ने वीरेंद्रनाथ शासमल को मेदिनीपुर का 'मुकुटहीन सम्राट' और 'देशप्राण' बताते हुए उनके जीवन को देशप्रेम और संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
वीरेंद्रनाथ शासमल का जन्म 26 अक्टूबर 1881 को मेदिनीपुर के कांथी स्थित चांदीभेटी गांव में हुआ था। पेशे से बैरिस्टर शासमल ने असहयोग आंदोलन और स्वराज पार्टी के माध्यम से ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया। मेदिनीपुर में यूनियन बोर्ड विरोधी आंदोलन से उन्हें विशेष पहचान मिली।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को कानूनी सहायता देने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी योगदान दिया। 24 नवंबर 1934 को उनका निधन हुआ था।