कोलकाता में 10 हजार की रिश्वत लेते पुलिस सार्जेंट गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस में रिश्वतखोरी का मामला, ACB का बड़ा एक्शन
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस सार्जेंट को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्जेंट एंटाली थाने में तैनात था।
एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोलकाता निवासी एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि एक आपराधिक मामले में थाने में रोके गए उसके वाहन को छोड़ने के बदले सार्जेंट ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सोमवार को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय टीम ने सार्जेंट को रंगेहाथ पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।