कोलकाता: पश्चिम बंगाल की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के असेसमेंट सेल के एक निरीक्षक और बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मकान के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले 4,500 रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।

एसीबी के अनुसार, दमदम बीरपाड़ा निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या तीन में स्थित उसके मकान का नामांतरण कराने के लिए रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि केएमसी के असेसमेंट सेल में तैनात निरीक्षक ने नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले साढ़े चार हजार रुपये मांगे थे। यह रकम एक बिचौलिए के माध्यम से ली जानी थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने सोमवार को जाल बिछाया और बिचौलिए को 4,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद संबंधित नगर निगम निरीक्षक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Tags: