जलपाईगुड़ी: पश्चिम बंगाल के नागराकाटा स्थित चेंगमारी चाय बागान में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चाय श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, चाय बागान का कैंटर वाहन अपर चेंगमारी से डिपा लाइन की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कैंटर कस्टम कार्यालय में जा घुसा। हादसे में शिव सोरेन (40), हरिलाल उरांव (50) और सूरज उरांव (40) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए मालबाजार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया है। जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापानी ने तीन लोगों की मौत और 11 के घायल होने की पुष्टि की है।

हादसे के बाद पूरे चाय बागान क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Tags: