पश्चिम बंगाल BJP का बड़ा ऐलान, पार्टी का कोई श्रमिक संगठन नहीं
श्रमिक संगठन के नाम पर उगाही का आरोप, भाजपा ने जारी किया सख्त फरमान
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में श्रमिक संगठन के नाम पर कथित वसूली और उगाही की शिकायतों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि उसका अपना कोई आधिकारिक श्रमिक संगठन या ट्रेड यूनियन नहीं है। भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और सदस्यों को ऐसे कथित संगठनों से दूर रहने की चेतावनी भी दी है।
सोमवार को भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था में केवल ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल अथवा श्रमिक प्रकोष्ठ है। इस सेल के माध्यम से ही श्रमिकों से जुड़े मामलों और गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि सेल किसी नए श्रमिक संगठन या ट्रेड यूनियन के गठन की अनुमति नहीं देगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के निर्देश पर पार्टी महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी शशि अग्निहोत्री ने लिखित बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि पार्टी के नाम पर अलग से श्रमिक संगठन खड़ा करना संगठनात्मक नीति के खिलाफ है। ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल के अंतर्गत विभिन्न श्रमिक प्रकोष्ठ किस प्रकार काम करेंगे, इसकी रूपरेखा बाद में निर्धारित की जाएगी।
एयरपोर्ट पर शुरू हुआ था श्रमिक मोर्चा
दरअसल, 31 अक्टूबर को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भाजपा से जुड़े एक श्रमिक संगठन ने अपनी गतिविधियां शुरू की थीं। इसका नाम 'एनएससीबीआई एयरपोर्ट कॉन्ट्रैक्टर्स वर्कर्स मोर्चा' रखा गया था।
इस संगठन का उद्घाटन पश्चिम बंगाल भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने किया था। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे। उस समय संगठन का उद्देश्य हवाई अड्डे पर कार्यरत ठेका श्रमिकों से सीधा संपर्क स्थापित करना और उनकी समस्याओं, मांगों तथा अधिकारों को संगठनात्मक स्तर पर उठाना बताया गया था।
वसूली की शिकायतों के बाद बढ़ा विवाद
संगठन की शुरुआत के करीब एक महीने के भीतर ही विवाद सामने आने लगा। आरोप लगाए गए कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों का इस्तेमाल कर श्रमिक संगठन के नाम पर पर्चे छपवाए जा रहे हैं और विभिन्न लोगों से कथित तौर पर वसूली की जा रही है।
इन शिकायतों के बाद भाजपा ने आधिकारिक बयान जारी कर पार्टी के नाम पर संचालित ऐसे संगठनों से दूरी स्पष्ट कर ली है। पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को चेताया है कि वे किसी ऐसे संगठन से न जुड़ें, जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हो सकती है।
ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल से तय होंगी गतिविधियां
भाजपा ने फिलहाल यह स्पष्ट किया है कि श्रमिकों से संबंधित संगठनात्मक गतिविधियां ट्रेड यूनियन रिलेशन सेल के माध्यम से ही संचालित होंगी। हालांकि, एयरपोर्ट पर शुरू किए गए श्रमिक मोर्चे के भविष्य और उससे जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।
इस फैसले को पश्चिम बंगाल में श्रमिक संगठनों के नाम पर चल रही गतिविधियों को लेकर भाजपा की संगठनात्मक स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।