हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारियों के सात दिवसीय आवासीय अभिविन्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 30 नवंबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न संस्थानों के 33 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनैना रावत ने कहा कि एनएसएस का मूल मंत्र 'मैं नहीं, बल्कि आप' सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। इसका उद्देश्य युवाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।

जिला समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने एनएसएस के उद्देश्यों और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी। वहीं, समाजसेवी जगदीश पाहवा ने कहा कि समाज सेवा से ही राष्ट्र सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है।

प्रो. संगीता मदान ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व विकास, सामुदायिक सहभागिता, एनएसएस की कार्यप्रणाली और सामाजिक सेवा से जुड़े विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के प्रायोजन में आयोजित किया जा रहा है।

Tags: