हरिद्वार: संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में समरसता संकल्प यात्रा आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में शामिल होकर संत रविदास के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समानता को मजबूत करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं भेदभाव रहित समाज, भाईचारे और समानता की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अनुसूचित जाति उपयोजना और ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये दिए गए हैं। अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र दंपतियों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शादी अनुदान योजना, छात्रावास निर्माण और नमस्ते योजना के माध्यम से भी वंचित वर्गों के कल्याण के लिए काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Tags: