गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर उत्तराखंड पहुंची समरसता संदेश यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
कुल्हाल से देहरादून तक उमड़ा जनसैलाब, संत रविदास की शिक्षाओं का दिया संदेश
देहरादून: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संदेश यात्रा का मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने यात्रा का अभिनंदन किया।
कुल्हाल से देहरादून तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा संयोजक दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं समानता, प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश देती हैं। उनका विचार जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच से मुक्त समाज की स्थापना की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से परिचित कराना है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।