कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार अलर्ट, CCTV से घाटों पर रखी जा रही नजर
हरकी पैड़ी से गंगा घाटों तक सुरक्षा सख्त, प्रशासन ने संभाली कमान
हरिद्वार: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों से लेकर प्रमुख मार्गों तक लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सोमवार को गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के जरिए हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ की स्थिति देखी।
मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भीड़ का दबाव बढ़ने या किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान की सुविधा मिल सके।