हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद प्रशासन ने त्रिशूल होमस्टे के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की। मुखानी थाना क्षेत्र के कटघरिया स्थित होमस्टे के किचन और स्टोर को मंगलवार को ध्वस्त कर दिया गया।

सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया था कि होमस्टे का कुछ हिस्सा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। इससे पहले प्रशासन और पर्यटन विभाग होमस्टे को सील कर चुके थे।

गौरतलब है कि इसी होमस्टे में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया था।

पुलिस जांच में पहचान पत्रों की समुचित जांच किए बिना कमरा उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई थी। मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की गई थी।

Tags: