नई टिहरी: जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय विद्यालय के नए परिसर में भवन निर्माण का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। हालांकि, अप्रोच रोड, खेल मैदान और बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण अभी बाकी है। डीएम नितिका खंडेलवाल ने मंगलवार को परिसर का निरीक्षण कर शेष कार्य एक महीने में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने भवन की फिनिशिंग, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, सीढ़ियों और रेलिंग की स्थिति दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं विद्यालय संचालन से पहले सुनिश्चित की जाएं।

प्रभारी प्रधानाचार्य मोनिका बजाज को विद्यालय शिफ्टिंग की तैयारियां पूरी रखने को कहा गया। डीएम ने सुझाव दिया कि पहले चरण में कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई नए परिसर में शुरू की जाए, इसके बाद अन्य कक्षाओं को स्थानांतरित किया जाए।

इस दौरान परिसर के पास संचालित गौशाला का रास्ता भी क्षतिग्रस्त मिला। डीएम ने निर्माणदायी संस्था को इसे जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

Tags: