देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।

अपने छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे के समापन पर कुमारी सैलजा ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने और जनहित के मुद्दों पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याओं तथा पलायन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों पर प्रदेशभर में जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति जताई।

कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं से संगठन की जमीनी गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को आपसी समन्वय, सक्रियता और जवाबदेही के साथ संचालित करने पर जोर दिया।

बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जनता के बीच उठाने तथा प्रदेश के हितों और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रीतम सिंह, सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, करन माहरा, गुरदीप सिंह सप्पल, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रकाश जोशी और भुवन कापड़ी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Tags: