पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में 23 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में पुलिस टीमें लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं। प्रवेश और निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।

मेले से पहले पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का विशेष अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत किरायेदारों, श्रमिकों, फड़-फेरी लगाने वालों और अस्थायी रूप से काम करने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पौड़ी पुलिस का मुख्य उद्देश्य बैकुंठ चतुर्दशी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Tags: