भाजपा कार्यसमिति में तीन घंटे मंथन, तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य
हरिद्वार में भाजपा का चुनावी शंखनाद, राजनाथ सिंह भी करेंगे संबोधित
हरिद्वार: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हरिद्वार से संगठनात्मक अभियान तेज कर दिया है। रविवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर करीब तीन घंटे तक मंथन हुआ।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा ने प्रत्येक मोर्चे को एक लाख नए कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य दिया है। इसके साथ ही दूसरे राजनीतिक दलों से भाजपा में आने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी भी मोर्चों को सौंपी जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
अगले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनने के सवाल पर धामी ने मुस्कुराते हुए कहा कि चेहरा भाजपा होगी।
उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को सक्रिय कर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे।
बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संबोधन भी निर्धारित है। कार्यक्रम के अनुसार, वह गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचकर सड़क मार्ग से प्रेमनगर आश्रम जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।