ऋषिकेश में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर शुरू, 1000 से ज्यादा पंजीकरण
देश-विदेश के डॉक्टर करेंगे आंखों का इलाज, मुफ्त ऑपरेशन की सुविधा
ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में रविवार को विशाल नेत्र चिकित्सा एवं निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में अब तक 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है। जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए देश-विदेश से आए विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शिविर का उद्घाटन परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और साध्वी भगवती सरस्वती ने दीप प्रज्वलित कर किया।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के चिकित्सकों का गंगा तट पर मानवता की सेवा के लिए एकजुट होना वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को साकार करता है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि मोतियाबिंद का समय पर उपचार मरीजों को सामान्य जीवन में लौटने में मदद करता है। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की इस पहल की सराहना की।
साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति की दृष्टि लौटना उसके पूरे परिवार के जीवन में खुशियां लाने जैसा है।
शिविर में नेत्र शल्य चिकित्सक, नेत्र रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और ऑप्टोमेट्रिस्ट सहित विशेषज्ञों की टीम सेवाएं दे रही है।
परमार्थ निकेतन पिछले 23 वर्षों से इस शिविर का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच और मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराना है।