नैनीताल में विधिक जागरूकता शिविर, दिव्यांगों को बांटे गए उपकरण
आर्थिक तंगी न्याय और शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए: न्यायमूर्ति मनोज तिवारी
नैनीताल: उत्तराखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने कहा कि न्याय की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। भौगोलिक दूरी और आर्थिक अभाव किसी भी नागरिक को उसके कानूनी अधिकारों से वंचित नहीं कर सकते।
रविवार को तहसील खन्स्यू परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित बहुउद्देशीय जागरूकता शिविर का शुभारंभ करते हुए उन्होंने दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में निशुल्क कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
न्यायमूर्ति तिवारी ने नालसा की 'जागृति स्कीम-2025' और 'नालसा (शिक्षा, समावेशन एवं सहायता) स्कीम-2026' का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता और अधिकारों के प्रति जागरूकता प्रदान करना है।
उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को बेटों के समान प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही कहा कि आर्थिक तंगी, दिव्यांगता या सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम में न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने भी नागरिकों को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और निशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी देने की आवश्यकता बताई।
शिविर में दिव्यांगजनों को छह व्हीलचेयर, 33 श्रवण यंत्र और 46 नी-कैप वितरित किए गए। बाल विकास विभाग ने चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान कीं। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार छात्राओं को सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत आयुर्वेदिक विभाग ने 125 और चिकित्सा विभाग ने 103 लोगों की जांच की। नौ दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए। कृषि विभाग ने किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी संबंधी कार्य किए।
पुलिस साइबर सेल ने 45 लोगों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी। विभिन्न विभागों ने पेंशन, राजस्व, प्रमाणपत्र और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।