हिमालय की वादियों में साइकिलिस्टों का रोमांच, हरियाणा के शिवेन ने मारी बाजी
उत्तराखंड MTB चैलेंज में दिखा दमखम, रुद्रप्रयाग पहुंचे देश-विदेश के खिलाड़ी
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पंचम अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का रोमांच जारी है। रविवार को प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के साइकिलिस्ट बागेश्वर से विभिन्न पर्वतीय मार्गों को पार करते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचे। खिलाड़ियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था तिलवाड़ा में की गई है।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक चलेगी। इसके तहत मुक्तेश्वर से मसूरी तक 658 किलोमीटर लंबी चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस आयोजित की जा रही है।
रविवार के रेस चरण में हरियाणा के शिवेन ने पहला स्थान हासिल किया। लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तीसरे स्थान पर रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस रहेगा। इसके बाद 24 नवंबर को साइकिलिस्ट टिहरी की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होंगे।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर खिलाड़ियों के सुरक्षित आवागमन, यातायात नियंत्रण और ठहरने की व्यवस्था की गई है। तिलवाड़ा में पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
यह प्रतियोगिता कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के 10 जिलों से होकर गुजर रही है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।