हरिद्वार: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर अपना राजनीतिक एजेंडा सामने रखा है। रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड में विकास और जनकल्याण के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना और आयुष्मान भारत का उल्लेख किया। उनके अनुसार, आयुष्मान योजना से प्रदेश के 17 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सीमांत गांवों में सड़क, पर्यटन और रोजगार से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है।

वहीं, देहरादून में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस के पिछले शासनकाल में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए जवाब मांगा।

उनियाल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है और भाजपा सरकार के कार्यकाल में 35 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां हुई हैं।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, भाजपा प्रदेश प्रभारी राम माधव, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Tags: