Haldwani हल्द्वानी : चोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में लगे इंडस कंपनी के एक टावर से 24 बैट्री चोरी होने का मामला सामने आया था। मुकदमा इंडस कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइडर ने दर्ज कराया और जब जांच की गई तो कंपनी का ही टेक्नीशियन चोर निकाला। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
हल्द्वानी कोतवाली के टीपीनगर चौकी क्षेत्र में महर्षि स्कूल के पास रहने वाले ललित मोहन ने पुलिस को बताया कि था कि वह इंडस कंपनी में सिक्योरिटी सुपरवाइजर है और गैस गोदाम रोड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास हल्दू पोखरा नायक नाम से इंडस का टावर लगा है। 12 फरवरी को वह टावर में निरीक्षण करने गया तो पाया कि रैक का ताला टूटा पड़ा है और 24 बैट्री चोरी हो चुकी हैं। बैट्री के चोरी होने से नेटवर्क में परेशानी होने लगी। लोगों ने कंपनी से शिकायत की तो ललित वहां निरीक्षण करने पहुंचा। जिसके बाद उसने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया।
सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मंगलवार देर शाम पुलिस ने चोरी की पांच बैटरियों के संग तीन चोरों को पकड़ा। कंपनी का टेक्नीशियन सिकंदर ही चोरी का मास्टरमाइंड निकला। उन्होंने बताया सिकंदर पीलीभीत के बहादुरपूर न्यूरिया गांव का रहने वाला है। उसके अलावा वार्ड 54 शिवाजी कालोनी हल्द्वानी निवासी गुड्डू सागर और तीसरा शानू साह, ग्राम मोहम्मदगंज, थाना कादरचौक बदायूं का रहने वाला है।