UP News: कांवड़ियों के ट्रैक्टर से बाइक की भिड़ंत में दो शिवभक्तों की मौत, एक घायल
UP News: ब्रजघाट से गंगाजल लेने जा रहे कांवड़ियों की बाइक को शिवभक्तों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। रविवार रात सवा दस बजे हाईवे ओवरब्रिज पर हुए इस हादसे में बाइक सवार अनुज (22) और नितिन (21) की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों कांवड़िये संभल के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र के फतेहउल्लागंज रहटोल गांव के रहने वाले थे। कांवड़िया अनिकेत भी उनके साथ बाइक पर सवार था। वह गंभीर रूप से घायल है। उसकी हालत देखते हुए उसे सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
आस-पास मौजूद लोगों ने बताया कि संभल जिले के तीन कांवड़ियों की बाइक झनकपुरी गांव के पास दिल्ली हाईवे के ओवरब्रिज से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। ट्रॉली में कांवड़िये भी सवार थे, जो ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। ट्रॉली में डीजे पर धार्मिक गीत बज रहे थे और कांवड़िये उनकी धुन पर नाच रहे थे। हादसे के बाद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। हालाँकि, इसके बाद भी वे सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाते हुए आगे बढ़ गए।
पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार कांवड़ियों का काफी दूर तक कोई पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार कांवड़ियों के साथ उनके कुछ और साथी भी थे। उनसे पता चला कि संभल जिले से 30 कांवड़ियों का एक जत्था बाइक से ब्रजघाट जा रहा था। हादसे के बाद, जत्थे में शामिल अन्य बाइक सवार बिना जल लिए ही गाँव लौट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, उसकी हेडलाइट ठीक से नहीं थी। केवल एक तरफ की लाइट जल रही थी, इसलिए रात के अंधेरे में दूर से पता ही नहीं चल पा रहा था कि वह ट्रैक्टर है। कांवड़ियों की ट्रॉली में बज रहे तेज डीजे से साफ पता चल रहा था कि शिवभक्तों का कोई वाहन आ रहा है।