Mathura मथुरा: सोमवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से रायबरेली जा रही एक प्राइवेट स्लीपर क्लास बस अचानक बेकाबू होकर बलदेव थाना इलाके में माइलस्टोन 127 के पास पलट गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अंधेरे और सन्नाटे में दर्द से कराहते यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर डर गए।
बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, हादसे से कुछ मिनट पहले ही ड्राइवर बदला गया था और ड्राइवर हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी बीच बस का बैलेंस बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में पलट गई। एक यात्री ने बताया, "हम सो रहे थे, तभी अचानक तेज झटका लगा और सब एक-दूसरे के ऊपर गिर गए। बस पलटने के बाद हर तरफ चीख-पुकार मच गई।"
हादसा इतना भयानक था कि बस में सवार 55-60 यात्रियों में से 50 घायल हो गए। कुछ यात्री अंदर फंस गए थे और उन्हें खिड़कियां तोड़कर निकालना पड़ा। राहगीरों ने एक्सप्रेसवे पर अपनी गाड़ियां रोकीं और मदद के लिए दौड़े। उन्होंने घायल यात्रियों को निकालने में पुलिस की मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
Tags: