SP Public School, गुरवलिया बाजार में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह
Kushinagar राजापाकड/कुशीनगर: एस.पी. पब्लिक स्कूल, गुरवलिया बाजार, कुशीनगर में बुधवार को होली मिलन समारोह व फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, अबीर-गुलाल और खूबसूरत पोस्टरों से सजाया गया, जिससे माहौल पूर्णतः होलीमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को तिलक लगाने के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर व पुष्पवर्षा कर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. शक्ति प्रकाश पाठक ने कहा, "होली सामाजिक समरसता, भाईचारा और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। हमें इस पर्व के माध्यम से आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाना चाहिए।" समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर आदित्य विशाल, ट्रस्टी नवेंदु शेखर, प्रधानाचार्य विनीत मणि त्रिपाठी सहित शिक्षकगण इमरान अंसारी, अभय राज सिंह, अमर गिरी, रीता सिंह आदि मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सबका मन मोह लिया। नर्सरी से कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। अर्चना, कृति, अनुष्का, गीतांजलि, साक्षी, सलोनी आदि छात्राओं ने नृत्य और नाटकों के माध्यम से होली की महत्ता को उजागर किया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा कार्यक्रम के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और खुशियों के रंग में सराबोर हो उठे।