Ayodhya अयोध्या: अयोध्या में रामनवमी के भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं. पहली बार दीपोत्सव के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. भव्य आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं पर सरयू नदी से जल छिड़कने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य आयोजन के निर्देश दिए हैं. आपको बता दें कि रामनवमी के मौके पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं. दरअसल, रामलला रामनवमी के दिन 18 घंटे तक श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे. इस दौरान 20 लाख से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है|
रामनवमी के दिन अयोध्या में खास तैयारियां की जाएंगी उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में कहा कि श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए नियमित पानी के छिड़काव के साथ ही चटाई बिछाई जाएंगी, साझा अस्थायी शिविर लगाए जाएंगे और 243 जगहों पर पेयजल की सुविधा दी जाएगी. अयोध्या नगर निगम ने पूरे शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए मशीनरी से लैस एक समर्पित टीम तैनात की है, जो इस भव्य समारोह में आने वाले भक्तों के अनुभव को और भी बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगी। आपको बता दें कि अयोध्या में 4, 5 और 6 अप्रैल को राम नवमी मेला लगेगा।
राम मंदिर सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा। इन तीन दिनों में रामलला के दर्शन की अवधि में बदलाव की तैयारी है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें।श्री राम जन्मभूमि मंदिर में 6 अप्रैल 2025 को चैत्र शुक्ल नवमी को श्री राम नवमी का पर्व दिव्य वैभव और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।" ट्रस्ट ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर यानी 6 अप्रैल को सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक रामलला का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 10.30 बजे से 10.40 बजे तक पर्दा खुला रहेगा। 10.40 बजे से 11.45 बजे तक रामलला का श्रृंगार किया जाएगा, इस दौरान पर्दा खुला रहेगा। इसके अलावा 11.45 बजे भोग लगाया जाएगा, इस दौरान पर्दा खुला रहेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे पर्दा हटा दिया जाएगा और श्री रामलला की आरती की जाएगी।