Mirzapur. मीरजापुर। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा ग्राम सभा में सोमवार शाम एक युवक ने पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर हाई डिस्टेंस ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़कर जान देने का प्रयास किया। युवक 4 लाख वोल्ट की लाइन के करंट वाले तार से महज दस फीट नजदीक तक पहुंच गया था। सूचना पर पहुंची पीआरवी और मड़िहान पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लगभग एक घंटे में समझा-बुझाकर उसे नीचे उतारा। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लगी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामदेव का 20 वर्षीय पुत्र साहुल पारिवारिक विवाद से नाराज था। शाम करीब साढ़े चार बजे घर से लगभग 400 मीटर दूर सिवान में स्थित ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया और जान देने के लिए प्रवाहित करंट के तार को पकड़ने की कोशिश करने लगा। उस समय सिवान में घास काटने गई गांव की महिलाओं की नजर उस पर पड़ी। महिलाओं ने पहले उसे समझाने का प्रयास किया। जब वह नहीं माना तो एक महिला ने गांव में जाकर शोर मचाया। शोर सुनकर पिता रामदेव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पीआरवी पुलिस भी पहुंच गई। अपने बेटे को मौत के मुंह में जाता देख पिता दहाड़ मार मार कर रोने लगा। इधर साहुल बार-बार तार पकड़ने का हाईवोल्टेज ड्रामा करता रहा। नीचे खड़े ग्रामीण और पुलिस ट्रांसमिशन लाइन की चड़चड़ाहट से सहमे हुए थे। पुलिस ने किसी तरह उससे संवाद स्थापित किया। युवक ने नीचे उतरने के बदले अपनी बात मनवाने के लिए पिता से स्टाम्प पेपर पर लिखकर देने की जिद पकड़ ली। जब तक पिता ने सादे कागज पर उसकी बात मानने को लिखकर नहीं दी, तब तक वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।आखिरकार पुलिस और ग्रामीणों के समझाने पर लगभग एक घंटे बाद वह नीचे उतरा। ग्रामीणों ने बताया कि युवक की मां हीरावती देवी की तीन साल पहले गंभीर बीमारी से मौत हो गई थी। बड़ा भाई राहुल एक माह पहले ही चेन्नई कमाने गया है और चार बहनों की शादी हो चुकी है। घर पर पिता रामदेव और बड़ी भाभी दुर्गावती देवी ही रहती हैं।दो दिन पहले उसने पिता से पैसे मांगे थे, न मिलने पर वह नाराज होकर दो दिनों से खाना-पानी छोड़े हुए था। मौके पर पहुंची मड़िहान पुलिस युवक को समझा- बुझाकर अपने साथ थाने ले गई। क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मामले की जानकारी होते ही पुलिस बल को मौके पर भेजकर युवक को नीचे उतरवाया गया है। थाने लेकर विधिक कार्यवाई की जा रही है।