Amethi अमेठी: यूपी के अमेठी में सोमवार रात एक युवक का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। मां ने देखा तो बेहोश होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीण चिंतित परिजनों को सांत्वना देते रहे। बताया गया कि युवक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी मायके में रह रही है। घटना बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के निहाल सिंह पुरवा गांव की है। गांव निवासी शोभ नारायण (26) का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। रात में मां जशोदा देवी उसे बुलाने उसके कमरे में गई। वहां का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। पिता रामसमुझ भी चीख पड़े। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मां जशोदा देवी ने बताया कि शोभ नारायण की शादी दो साल पहले पारा गांव में हुई थी। लेकिन, विवाद के चलते उसकी पत्नी काफी समय से मायके में रह रही है। इसी बात को लेकर बेटा मानसिक रूप से परेशान था। थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। वह अपने माता-पिता के साथ घर पर अकेला रहता था। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चल सकेगा। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।