राजस्थान के कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, सुबह-रात ठंड तेज
फतेहपुर में सबसे सर्द रात, चूरू-अलवर में पारा 9.6 डिग्री
जयपुर: उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में सुबह और रात की ठंड बढ़ा दी है। गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में 5.7 डिग्री रहा, जबकि सीकर में पारा 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
शेखावाटी क्षेत्र में तापमान गिरने से सुबह और शाम गलन महसूस होने लगी है। पिलानी में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री, चूरू और अलवर में 9.6 डिग्री, नागौर में 9.5 डिग्री तथा करौली में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती ठिठुरन के बीच लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
गुरुवार को प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप निकली। हालांकि, सर्द हवाओं के कारण धूप का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ। कई स्थानों पर दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शाम ढलते ही हवाओं में ठंडक बढ़ी और रात में सर्दी का असर तेज हो गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। साफ आसमान और उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते रात का तापमान और गिर सकता है। शेखावाटी, बीकानेर संभाग और उत्तरी राजस्थान में ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है।
अगले एक सप्ताह के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। दक्षिणी राजस्थान में इन इलाकों की तुलना में ठंड का असर कुछ कम रहने की संभावना है।