हुगली: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई। उत्तरपाड़ा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात करीब 11 बजे रेलवे लाइन पार करते समय दोनों अप रक्सौल एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। मृतकों की पहचान आभा झा (48) और उनकी बेटी प्रगति झा (19) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी आभा झा अपनी बेटी प्रगति के साथ छठ महापर्व मनाने झारखंड के धनबाद स्थित रिश्तेदारों के घर आई थीं। बुधवार को दोनों धनबाद से हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में रहने वाले एक अन्य रिश्तेदार से मिलने के लिए रवाना हुई थीं।

मां-बेटी हावड़ा स्टेशन से ट्रेन पकड़कर उत्तरपाड़ा पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे उत्तरपाड़ा स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करते समय अचानक अप रक्सौल एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका आभा झा के पति मोहित कुमार झा मुंबई में फिल्म निर्देशक हैं। उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रगति मुंबई में कानून की पढ़ाई कर रही थीं। जानकारी के अनुसार, मां-बेटी शुक्रवार को विमान से मुंबई लौटने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।

पत्नी और बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद मोहित कुमार झा गुरुवार को कोलकाता पहुंचे। घटना से परिवार के सदस्य सदमे में हैं।

पुलिस और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार की सहायता कर रहे हैं।

छठ पर्व मनाने के लिए मुंबई से झारखंड आईं मां-बेटी की वापसी से पहले हुई इस दुर्घटना ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है।

Tags: