अजमेर: राजस्थान के तीर्थराज पुष्कर में चल रहे प्रसिद्ध पशु मेले में गुरुवार को खेल, संस्कृति और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिला। मेले में देसी और विदेशी पर्यटकों के बीच आयोजित कबड्डी मुकाबले में भारतीय टीम ने विदेशी खिलाड़ियों को 33-21 से हराकर जीत दर्ज की। हालांकि, मुकाबला हारने के बावजूद विदेशी खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और मैच समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया।

कबड्डी मुकाबले के दौरान भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। विदेशी खिलाड़ियों ने कबड्डी के दांव-पेंच सीखते हुए भारतीय टीम को चुनौती दी। कई मौकों पर खिलाड़ियों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। एक खिलाड़ी को उठाकर पटकने के दौरान उसकी टी-शर्ट तक फट गई।

भारतीय टीम ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और 33 अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया, जबकि विदेशी टीम 21 अंक ही जुटा सकी।

जर्मनी से आए ऐसेल ने बताया कि उन्होंने पहली बार कबड्डी खेली और यह उनके लिए शानदार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि थोड़े अभ्यास के बाद उनकी टीम बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। वहीं, अहमदाबाद से आई पर्यटक हनर ने बताया कि वह चौथी बार पुष्कर मेले में आई हैं और उन्हें यहां का माहौल बेहद पसंद है।

मेले में आयोजित हॉर्स डांस शो भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा। सीकर से आए घोड़े 'डाकू' ने अपने अनोखे डांस स्टेप से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में करीब 11 पशुपालकों ने अपने घोड़ों के साथ हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी घोड़ों का प्रदर्शन देखने पहुंचे।

पशुपालन विभाग के अनुसार, पुष्कर मेले में अब तक कुल 9,101 पशुओं की आवक दर्ज की गई है। इनमें 5,537 घोड़े और 3,465 ऊंट शामिल हैं। मेले में अब तक 24 घोड़ों और 51 ऊंटों सहित कुल 75 पशुओं की खरीद-बिक्री हुई है।

पशुओं के कारोबार से करीब 49.97 लाख रुपये का लेन-देन दर्ज किया गया है। मेले में अब तक सबसे महंगा घोड़ा 2.92 लाख रुपये और सबसे महंगा ऊंट 52 हजार रुपये में बिका है।

वहीं, मेले में आए पशुपालकों ने अब अपने पशुओं के साथ वापस लौटना भी शुरू कर दिया है। रेतीले धोरों से पशुओं की वापसी के बीच पर्यटकों की आवाजाही जारी है।

पुष्कर मेले में पशु प्रतियोगिताओं के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। राजस्थानी लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मेले में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Tags: