राजस्थान की संस्कृति को मिलेगी नई पहचान, CM भजनलाल ने किया बड़ा ऐलान
लोकमंथन-2026 की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री ने किया भूमि पूजन
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 4 से 6 दिसंबर तक लोकमंथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। जवाहर कला केंद्र में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के विचारक, विद्वान और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और ज्ञान विरासत पर विचार-विमर्श करेंगे। आयोजन की थीम 'हम भारत के लोग' रखी गई है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जवाहर कला केंद्र में लोकमंथन-2026 की स्वागत समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि लोकमंथन भारत की सांस्कृतिक चेतना और लोकजीवन की परंपराओं का उत्सव है। इसका उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान कला, साहित्य, संगीत, अध्यात्म और लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत वाला प्रदेश है। यहां की मांड गायकी, घूमर, कालबेलिया नृत्य, कठपुतली कला और फड़ चित्रकला की देश-दुनिया में अलग पहचान है। लोकमंथन के माध्यम से इन परंपराओं को व्यापक मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शेखावाटी क्षेत्र की 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कदम उठा रही है। इस कार्य में प्रवासी राजस्थानियों का सहयोग भी लिया जाएगा। इसी उद्देश्य से 8 दिसंबर को शेखावाटी में हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी, जबकि 10 दिसंबर को प्रवासी दिवस का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को राजस्थान दिवस मनाने की शुरुआत की है। इसके अलावा माउंट आबू का नाम आबूराज करने, वेद विद्यालयों के अध्यापकों का मानदेय बढ़ाने और गौशालाओं को करीब चार हजार करोड़ रुपये का अनुदान देने जैसे कदम उठाए हैं।
कार्यक्रम में प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एवं लोकमंथन के महासचिव जे. नंदकुमार ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में लोक और शास्त्र एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने बताया कि लोकमंथन से पहले राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा और ग्राम दर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। आयोजन के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आयोजन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया और हवन में पूर्णाहुति अर्पित की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार सहित संत-महंत और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।