जोधपुर में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ी बैठक, ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था होगी मजबूत
महिलाओं के अधिकारों की रक्षा पर जोर, संभागीय आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में असंगठित और अनौपचारिक क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। गुरुवार को संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी की अध्यक्षता में संभाग स्तरीय महिला समाधान समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें महिलाओं की सुरक्षा, कार्यस्थलों पर उत्पीड़न की रोकथाम और ऑनलाइन शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान जिला एवं उपखंड स्तरीय महिला समाधान समितियों की कार्यप्रगति और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और पात्र मामलों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में ऑनलाइन शिकायत पंजीकरण और निस्तारण व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि ऑनलाइन शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए और शिकायत दर्ज होने से लेकर अंतिम समाधान तक अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित हो।
इसके अलावा महिला समाधान समितियों और शिकायत निवारण व्यवस्थाओं की जानकारी ब्लॉक से जिला स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को उनके अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
बैठक में कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न रोकने संबंधी अधिनियम, 2013 के तहत आंतरिक समितियों के गठन और जागरूकता कार्यक्रमों की जिलावार प्रगति की भी समीक्षा हुई।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक फरसाराम विश्नोई, जिला उद्योग अधिकारी भवानी सिंह, श्रम निरीक्षक बहादुर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गाराम चौधरी और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त सीमा कविया सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। संभाग के अन्य जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।