जोधपुर में साईं भक्ति की गूंज, वेद पाठ और 101 भजनों से हुआ शुभारंभ
सत्य साईं बाबा के जन्मोत्सव पर विशेष आयोजन, गौ सेवा और शॉल वितरण भी होगा
जोधपुर: सत्य साईं बाबा के 100 अवतरण वर्ष पूर्ण होने और 23 नवंबर को आयोजित होने वाले 101वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में जोधपुर में पांच दिवसीय आध्यात्मिक एवं सेवामूलक कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुवार को हुई। श्री सत्य साईं सेवा समिति जोधपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन साईं भक्तों ने 101 भजन गाकर भगवान बाबा के श्रीचरणों में अपनी भक्ति अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बाबा के चित्र पर माल्यार्पण, वेद पाठ और साईं गायत्री मंत्र के साथ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन कर आध्यात्मिक वातावरण बनाया। भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ 101 भजनों की प्रस्तुति दी।
समिति के जिलाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार कसेरा ने बताया कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन प्रत्येक माह की 19 तारीख को महिला दिवस के रूप में मनाता है। इसी परंपरा के अंतर्गत गुरुवार को समिति कक्ष में सीमा कसेरा का सम्मान किया गया।
पुरुष सेवा समन्वयक जगदीश राजुस्थ और शिक्षा समन्वयक सुमेर सिंह गौड़ ने बताया कि पांच दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन शुक्रवार को रालावास गौशाला में विभिन्न आध्यात्मिक और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान वेद पाठ, भजन और भगवान सत्य साईं बाबा के पांच मानवीय मूल्यों—सत्य, धर्म, शांति, प्रेम और अहिंसा—पर विशेष स्टडी सर्किल आयोजित होगा।
इसके अलावा गौशाला में कार्यरत गोपालों के लिए नारायण सेवा कार्यक्रम होगा। श्री सत्य साईं विंटर सन प्रोग्राम के अंतर्गत गर्म शॉल वितरित किए जाएंगे और गौ सेवा भी की जाएगी।
पांच दिवसीय आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिक चिंतन और मानव सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।