अजमेर: राजस्थान के विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार पारंपरिक भारतीय कुश्ती का रोमांच भी देखने को मिलेगा। मेले के अवसर पर 22 और 23 नवंबर को पुष्कर मेला ग्राउंड में भव्य 'पुष्कर मेला अजमेर केसरी कुश्ती दंगल-2026' का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों के नामी पहलवान अपनी ताकत, कुश्ती कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मुकाबले आयोजित होंगे।

यह आयोजन राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक भारतीय कुश्ती को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के महासचिव सौरभ बजाड़ ने बताया कि पुष्कर मेला राजस्थान की संस्कृति, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का अंतरराष्ट्रीय प्रतीक है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कुश्ती दंगल को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर से पहलवान शामिल होंगे। विदेशी पर्यटकों को भी भारतीय कुश्ती के रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में चार भार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 74 से 130 किलोग्राम, 60 से 74 किलोग्राम, 50 से 60 किलोग्राम और 40 से 50 किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं।

महिला वर्ग में 60 किलोग्राम से अधिक, 50 से 60 किलोग्राम और 35 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। विभिन्न भार वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के लिए 21 हजार, 11 हजार, 7,100, 5,100, 3,100 और 2,100 रुपये तक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी पहलवानों का वजन 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक पुष्कर मेला ग्राउंड में किया जाएगा। सभी मुकाबले यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के अनुसार मैट पर आयोजित होंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों को आधार कार्ड और मूल निवास प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोजन को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविन्द शर्मा ने बताया कि राजीव दत्ता के मार्गदर्शन में आयोजित यह दंगल राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ भारतीय कुश्ती परंपरा को नई पहचान दिलाने का प्रयास है।

उन्होंने खेलप्रेमियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से 22 एवं 23 नवंबर को पुष्कर मेला ग्राउंड पहुंचकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

पुष्कर मेले में आयोजित होने वाला यह कुश्ती दंगल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ खेल एवं शौर्य की परंपरा को भी प्रमुखता देगा।

Tags: