बीकानेर: विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने, उनमें नवाचार की भावना विकसित करने तथा भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), अजमेर रीजन के तत्वावधान में सत्र 2026-27 के अंतर्गत क्षेत्रीय कौशल प्रदर्शनी एवं मार्गदर्शन महोत्सव (रीजनल स्किल एक्सपो एवं गाइडेंस फेस्टिवल) का भव्य आयोजन किया गया। इस क्षेत्रीय स्तर के आयोजन में लगभग 21 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित कौशल-आधारित परियोजनाओं, नवाचारी मॉडलों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक दक्षता का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को न केवल अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला, बल्कि उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से संवाद कर कौशल विकास, तकनीकी नवाचार, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य में उपलब्ध करियर विकल्पों के संबंध में महत्त्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों की सहभागिता से यह आयोजन ज्ञान, अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान का प्रभावशाली मंच बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मां शारदे की वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। प्रारंभिक कार्यक्रम में शिक्षा, ज्ञान और रचनात्मकता के महत्त्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने तथा उसे सकारात्मक दिशा में विकसित करने का संदेश दिया गया।

सीबीएसई, नई दिल्ली के कौशल शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक सतीश पहल ने वर्चुअल माध्यम से कौशल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), बीकानेर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. धुरेन्द्र सिंह, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के पर्यावरण विज्ञान विभाग के संकायाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार छंगाणी, मीडिया एवं मनोरंजन कौशल परिषद (एमईएससी) के अकादमिक प्रमुख अभिषेक सोनी ने विचार रखे।

लगभग 21 विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता ने प्रदर्शनी को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच विचारों, अनुभवों और नवाचारी दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान हुआ। इस प्रकार आयोजन ने विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ सामूहिक रूप से सीखने और एक-दूसरे की प्रतिभा से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य जयचंद लाल डागा, चम्पकमल सुराणा, निर्मल पारख, निर्मल धारीवाल, अशोक सुराणा, मयंक सिपानी, महेंद्र पुगालिया, तिलोक कोचर, संदीप चोरड़िया, राकेश कोचर, किशोर बांठिया एवं अजय सेठिया उपस्थित रहे।

Tags: