हरी पोशाक में सजे सांवलिया सेठ, हरियाली अमावस्या पर भक्तिमय हुआ नौगावां, उमड़े श्रद्धाल
Bhilwara भीलवाड़ा । नौगावां स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में हरियाली अमावस्या के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान सांवलिया सेठ का विशेष हरित श्रृंगार कर उन्हें हरी पोशाक धारण कराई गई। आकर्षक झूले में विराजमान प्रभु के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और मंदिर परिसर भक्तिमय जयकारों से गूंजता रहा। उत्सव का शुभारंभ प्रातः विशेष दुग्धाभिषेक से हुआ। पंडित रमाकांत शर्मा एवं प्रेमशंकर शर्मा के आचार्यत्व में अभिषेक विधि-विधान से संपन्न कराया गया। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग की गई, जिससे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक प्रभु के दर्शन किए। इस दौरान विशेष झांकी के दर्शन पंडित दीपक पाराशर एवं पंडित प्रकाश शर्मा द्वारा कराए गए। मंदिर शिखर पर भंवरलाल दरगड़, रामचंद्र कुमावत सहित अनेक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से ध्वजा चढ़ाई गई। धार्मिक भजनों की स्वर लहरियों के बीच भजन गायक गुंजन म्यूजिक वाले ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। देर शाम तक चले धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान सांवलिया सेठ के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। हरियाली अमावस्या के अवसर पर मंदिर की साज-सज्जा और विशेष झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।