Jaipur: राजस्थान में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में झमाझम बारिश

जयपुर-अजमेर में बारिश से मौसम सुहाना, कई जिलों में राहत

Update: 2026-08-03 07:15 GMT

जयपुर: राजस्थान में सोमवार सुबह एक बार फिर मौसम ने करवट ली। राजधानी जयपुर, अजमेर, करौली के टोडाभीम, दौसा सहित कई जिलों में सुबह से बारिश का दौर शुरू हुआ। जयपुर में बादल छाए रहने के साथ हल्की हवाएं चलीं, जबकि अजमेर में लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया। करौली के टोडाभीम और दौसा में भी रिमझिम फुहारों से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

इससे पहले रविवार को पाली, अजमेर, जोधपुर, बाड़मेर समेत पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा ब्यावर जिले के जैतारण में 146 मिलीमीटर (करीब साढ़े पांच इंच) मापी गई। तेज बारिश के कारण जैतारण, ब्यावर और अजमेर के आसपास कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन उत्तर की ओर खिसक गई है। इसके चलते अगले एक सप्ताह तक मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि 3 से 5 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।

अजमेर में सोमवार सुबह से लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आ गई।

मौसम विभाग के अनुसार इस मानसून सीजन में जून से 2 अगस्त तक जिले में कुल 328 मिलीमीटर वर्षा मापी जा चुकी है। दौसा में सुबह रिमझिम फुहारों के बीच श्रद्धालुओं ने देवगिरी पहाड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। वहीं टोडाभीम में सुबह करीब एक घंटे तक रिमझिम बारिश हुई, जिससे तापमान दो डिग्री गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

किसानों के अनुसार यह बारिश बाजरा सहित खरीफ की अन्य फसलों के लिए लाभदायक रहेगी।

रविवार को पाली के रोहट में 67, रायपुर में 54, अजमेर के जवाजा में 38, सरवर में 35 और अजमेर शहर में 27 मिलीमीटर वर्षा मापी गई। इसके अलावा जोधपुर के कुड़ी भगतासनी में 49, राजसमंद के खमनोर में 45, भीलवाड़ा के डाबला में 42, नागौर के देह में 26, चित्तौड़गढ़ के राशमी में 30 तथा टोंक, जैसलमेर, डूंगरपुर, बूंदी सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, जैसलमेर में 34.1, जोधपुर में 32.5, बीकानेर में 36.2, चूरू में 37.6, श्रीगंगानगर में 38.9, हनुमानगढ़ में 35.2, सीकर और अलवर में 34 तथा दौसा में 35.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।

Tags:    

Similar News